वाराणसी। बजरडीहा पुलिस चौकी से कुछ दूरी पर एक खाली प्लॉट में 17 वर्षीय इरशाद अहमद के सिर और चेहरे पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई। रविवार की सुबह शव देख कर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रकरण में दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार चोरी के मोबाइल और पैसे के लेनदेन के विवाद में इरशाद की हत्या की गई है।
भेलूपुर थाना अंतर्गत बजरडीहा निवासी इरशाद के बड़े भाई नुरुल हक ने बताया कि पिता की मौत के बाद मां ने दूसरी शादी कर ली थी। इस बीच इरशाद नशेड़ी हो गया और चोरी करने लगा था। इस कारण उसको घर से भगा दिया गया था। शनिवार की सुबह पुलिस से सूचना मिली कि उसका लहूलुहान शव बजरडीहा चौकी से कुछ दूरी पर एक खाली प्लॉट में मिला है। इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि दुर्गाकुंड चौकी इंचार्ज प्रकाश सिंह प्रकरण की तफ्तीश में लगे हुए थे। चौकी इंचार्ज प्रकाश सिंह ने इरशाद के साथ शनिवार की रात आखिरी बार दिखे दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ में सामने आया कि चोरी के मोबाइल और पैसे के लेनदेन को लेकर शनिवार की रात विवाद हुआ था। उसी दौरान नशे में इरशाद की हत्या की गई। एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस जल्द ही इस वारदात का खुलासा करेगी।