जौनपुर जिले में बाहुबली मुख्तार अंसारी के नाम पर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने वाले के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया गया है। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भरोठा गांव निवासी नूर मोहम्मद ने सीजेएम की अदालत में अधिवक्ता उपेंद्र विक्रम सिंह के माध्यम से प्रार्थनापत्र दिया था।
आरोप था कि 20 मई की शाम आठ बजे उसके मोबाइल पर एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे गालियां और धमकी देते हुए पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी। यह पूछने पर कि कौन बोल रहे हो, उसने बताया कि वह मुख्तार अंसारी का आदमी है।
उसने धमकी दी कि रुपये देने में आनाकानी करने पर गोलियों से शरीर छलनी कर दिया जाएगा। कहा कि रुपये की जब व्यवस्था हो जाए तो फोन कर बता देना, हम लोग आकर ले लेंगे। पीड़ित ने घटना की सूचना थाना सरायख्वाजा व एसपी को दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर उसने कोर्ट में गुहार लगाई।