अठावले ने कहा कि किसानों को तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताना चाहिए था। आंदोलन वापस ले लेना चाहिए था। एमएसपी सहित अन्य मुद्दों पर बाद में भी चर्चा हो सकती थी, लेकिन कुछ किसान अभी भी अड़े हुए हैं। ऐसे लोगों को पूरे देश भर के किसानों का समर्थन नहीं प्राप्त है। अठावले अपनी पार्टी रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए वाराणसी पहुंचे हैं।
अठावले ने बताया कि उनकी पार्टी आरपीआई 2014 से ही भाजपा के साथ है। यह गठबंधन आगे भी जारी रहेगा। यूपी विधानसभा चुनाव के बारे में कहा कि प्रदेश में कम से कम 10 से 15 सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी। हालांकि इस संबंध में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।