आईएमएस बीएचयू में एम्स जैसी सुविधा के बाद अब सामान की खरीदारी शुरू हो गई है। पहले चरण में इलाज के साथ-साथ स्वच्छता पर विशेष फोकस कर अस्पताल में 6.62 करोड़ की लागत से मॉप स्टिक (पोछा का सेट), सेट, गाज थान यानी चिकित्सा कार्यों में प्रयोग की जाने वाली विशेष पट्टी, कॉटन, उपकरणों की साफ-सफाई के लिए इलेक्ट्रो लाइट फ्लूड के साथ अन्य सामान मंगाए जाएंगे। टेंडर की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
बीएचयू अस्पताल में आने वाले मरीजों को एम्स जैसी बेहतर सुविधाएं मिल सके, इसके लिए अगस्त 2018 और नवंबर 2024 में शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच एमओयू हुआ। अगले महीने ही एम्स के निदेशक दौरा करने आए थे।
पिछले सप्ताह स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की थी। 75 हजार गाज थान, 75 हजार कॉटन, 50 हजार इलेक्ट्रोलाइट फ्लूड, 20 हजार वेट वाॅश ग्लब्स, 3000 मॉप कंपलीट सेट और 5000 मॉप रिफिल मंगाने का टेंडर किया गया है। 6 करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
बोले अधिकारी
एम्स जैसी सुविधा, मरीजों को सुविधा और उनकी स्वच्छता का ख्याल रखने के लिए एक-एक कर जरूरत के सामान मंगवाए जा रहे हैं।
- एसएन संखवार, निदेशक आईएमएस बीएचयू