भोजूबीर स्थित एक दुकान के दुकानदार ने लकड़ी के बेंट से मारकर रविवार को एक ग्राहक का सिर फोड़ दिया। वहीं, पिंडरा विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ पर एक उपभोक्ता ने मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया। कैंट और फूलपुर थाने की पुलिस दोनों प्रकरण की जांच कर रही है। भोजूबीर निवासी अखिलेश सोनकर ने बताया कि वह दुकान में कूलर का पाइप लेकर गए थे। उन्होंने कटी हुई पाइप दिखाई तो वह कहासुनी करने लगा। कहासुनी के दौरान ही दुकानदार ने लकड़ी के बेंट उठाया और उनकी पिटाई करते हुए उनका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के लिए भिजवा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पिंडरा संवाद प्रतिनिधि के अनुसार, फूलपुर थाना के रामपुर (सुखदेवपुर) निवासी राकेश पाल ने बताया कि वह कनेक्शन पर लोड की जानकारी लेने के लिए पिंडरा उपकेंद्र गए थे। एसडीओ कहासुनी करने लगे तो वह वीडियो बनाने लगे। इस पर एसडीओ ने उनका मोबाइल पटक कर तोड़ दिया। इस संबंध में एसडीओ संजीव कुमार ने कहा कि उपभोक्ता द्वारा बदतमीजी की जा रही थी। उन्होंने किसी का मोबाइल नहीं तोड़ा है। वहीं, इस संबंध में फूलपुर थानाध्यक्ष दीपक राणावत ने कहा कि प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
न्यू कॉलोनी हिरामनपुर निवासी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के घर में घुसे चोर नकदी चुरा ले गए। इस संबंध में भुगतभोगी ने सारनाथ थाने में तहरीर दी है। गाजीपुर के मूल निवासी राजेंद्र सिंह यादव सारनाथ क्षेत्र की न्यू कॉलोनी में मकान बनवा कर रहते हैं। शनिवार की रात चोर खिड़की के ग्रिल को उखाड़ कर घर में घुसे और एक बक्से का ताला तोड़ कर उसमें रखे 11 हजार रुपये चुरा ले गए। सूचना देने पर पुलिस के साथ आया डॉग स्क्वॉड घर से आधा किलोमीटर दूर जाकर एक पोखरे के पास रुक गया। पुलिस घर के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से चोरों की तलाश कर रही है।
लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने रविवार को चोरी की तीन बाइक के साथ तीन किशोरों को पकड़ा। पूछताछ में पुलिस को तीनों ने बताया कि वह शहर के भीड़भाड़ वाले स्थान से मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोल कर चुराते थे। इसके बाद उसे अगल-बगल के जिलों के ग्रामीण इलाकों में रहने वालों को बेच देते थे। तीनों में से एक 15 वर्षीय किशोर के खिलाफ चोरी के आरोप में आठ मुकदमे दर्ज हैं।