गाजीपुर के एक गांव में गहरी नींद में सो रहे मां-बेटे के लिए गुरुवार की रात अंतिम रात हो गई। हाईटेंशन तार के टूट कर गिर जाने के कारण दोनों की मौत हो गई। तार के चपेट में आने से एक अन्य घायल हो गया। करीब आधे घंटे तक नंगे तार से आग की लपटें निकलती रहीं।
इस बीच दर्जनों लोग बाल-बाल बच गए। संयोग था कि दस मकानों पर हाईटेंशन तार गिरा, लेकिन सारे लोग अंदर सो रहे थे और बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद दुल्हपुर थाना क्षेत्र के सांसद आदर्श गांव देवा में मातम का माहौल कायम है।
इस गांव में गुरुवार की रात ज्यादातर परिवार के सदस्य खाना खाकर घर के अंदर तथा दरवाजे पर खुले में सो रहे थे। इस दौरान गांव की फूला देवी(65) और उनका बेटा राजू राजभर(33) और संतोष राजभर(45)भी सोए हुए थे। रात करीब दो बजे जर्जर हाईंटेंशन तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया।
उसकी चपेट में आने से फूला और राजू की मौके पर ही मौत हो गई तथा संतोष गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही कई अधिकारी अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना स्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों की माने तो रात करीब दो बजे हाईटेंशन तार गिरने से एक गाय की भी मौत हो गई तथा उसके संपर्क में आते ही मच्छरदानी में सो रहे संतोष भी चपेट आ गए।
चीख-पुकार होने पर बगल में सो रही माँ फुला देवी और छोटा बेटा राजू, हड़बड़ा कर नींद से जग गए। वह कुछ समझ पाते कि करंट ने मां-बेटे को अपना शिकार बना लिया। इस बीच सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। करीब आधे घंटे बाद बिजली आपूर्ति ठप होने पर पुलिस शव को कब्जे में लेकर थाने पहुंची।