योग दिवस को भव्य बनाने के लिए वाराणसी में अमृत योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रशासन के साथ ही विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भी योग शिविर का आयोजन कर रहीं हैं। शनिवार को आयोजित योग की पाठशाला में 1,88,028 लोगों ने योगाभ्यास किया।
योग सप्ताह के पांचवें दिन बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 79 घाटों पर योगाभ्यास का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षकों व बच्चों ने योगाभ्यास किया। वहीं परिषदीय स्कूलों ने भी योग शिविर का आयोजन किया गया। मुकुलारण्यम महाविद्यालय में आयोजित योग शिविर में विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि आज के दौर में भारत के साथ ही पूरा विश्व योग अपनाकर निरोग जीवन शैली को विकसित कर रहा है। इस दौरान शिक्षकों व छात्रों ने प्राणायाम, अनुलोम विलोम आदि आसनों का अभ्यास किया।
उधर, संपूर्णानंद में आयोजित योग शिविर में प्रो. हरेराम त्रिपाठी के साथ शिक्षकों व छात्रों ने योगाभ्यास किया। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित योग में 46701, हाईस्कूल व इंटरमीडिएट स्कूलों में 24250, आंगनवाड़ी केंद्रों पर 31496, पंचायती राज्य विभाग में 56001 लोगों ने, एनआरएलएम में 10105 महिला समूहों ने, स्वास्थ्य विभाग में 21115 आदि जगहों पर आयोजित योग शिविर में कुल 1,88,028 लोगों ने प्रतिभाग किया।