पटेहरा। जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) ने बृहस्पतिवार को विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन विद्यालयों में आधे से ज्यादा छात्र अनुपस्थित मिले। पंजीकृत 490 विद्याार्थियों की तुलना में 290 अनुपस्थित रहने पर डीडीओ ने शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र बंद होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से स्पष्टीकरण भी मांग लिया है।
जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय ने पटेहरा कला कंपोजिट विद्यालय व खचहा प्राथमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। खचहा प्राथमिक विद्यालय में पंजीकृत 103 विद्यार्थियों की तुलना केवल 44 बच्चे, कंपोजिट विद्यालय पटेहरा के प्राथमिक में पंजीकृत 246 की तुलना में 113 व पूर्व माध्यमिक में 141 की तुलना में मात्र 43 विद्यार्थी उपस्थित मिले। परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद मिला। इस पर डीडीओ ने सीडीपीओ से कड़ी नाराजगी जताई। डीडीओ ने सीडीपीओ अरुण कुमार को संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभारी बीडीओ श्रीकृष्ण उपाध्याय को साफ-सफाई के लिए निर्देशित किया। डीडीओ ने बताया कि दोनों विद्यालयों में बच्चों की कम उपस्थिति पर अध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। पटेहरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से स्पष्टीकरण मांगा गया है।