फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सौ से अधिक पक्के निर्माण ध्वस्त

Wed, 15 Jun 2016 01:42 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, वाराणसी
विज्ञापन
लहुराबीर में मंगलवार को अभियान के दौरान अतिक्रमण ढहाती जेसीबी।
विज्ञापन
अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत दो दिन के बाद मंगलवार को नगर निगम और प्रशासन की टीम एक बार फिर सड़क पर उतरी। इस दौरान दशाश्वमेध जोन में लहुराबीर से कबीरचौरा और कोतवाली जोन में विशेश्वरगंज, मछोदरी से पीलीकोठी, आदमपुर थाने तक अतिक्रमण अभियान चलाया गया। इलाके में जेसीबी पहुंचते ही अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया। नाली-सड़क पर कब्जा कर किए गए सौ से अधिक स्थायी और अस्थायी निर्माण ढहा दिए गए। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के लिहाज से बड़ी संख्या में फोर्स लगाई गई थी।
विज्ञापन


 दशाश्वमेध जोन के जोनल प्रभारी अरविंद यादव के नेतृत्व में दिन के करीब 10:30 बजे लहुराबीर स्थित प्रदीप होटल से अभियान शुरू हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में दस्ता अतिक्रमण ध्वस्त करते हुए आगे बढ़ा। बड़ी संख्या में फोर्स की मौजूदगी के चलते अतिक्रमण करने वाले विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

सड़क किनारे नाली को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराया गया। टिनशेड, पत्थरों की सीढ़ियां, चाय की भट्ठियां तोड़ दी गईं। दस्ता लहुराबीर चौराहे पर पहुंचा तो वहां दूकानें सजी थीं। जेसीबी पहुंचते ही दूकानदारों में हड़कंप मच गया। धड़ाधड़ शटर बंद होने लगे। तमाम दूकानदारों ने खुद ही अपने सामान समेट लिए। कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। चौराहे से अतिक्रमण हटाते हुए प्रशासनिक दस्ता कबीरचौरा तक पहुंचा।
विज्ञापन


 कोतवाली और आदमपुर जोन में अभियान तकरीबन 11 बजे शुरू हुआ। प्रशासनिक टीम जैसे ही मैदागिन चौराहे पर पहुंची वहां हड़कंप मच गया। हालांकि विशेश्वरगंज में जो अतिक्रमण छूट गए थे, उन्हें ढहाते हुए दस्ता आगे बढ़ गया। बुधवार को मछोदरी पर जहां अभियान खत्म हुआ था, उसके आगे शुरू हुआ। वहां से पीलीकोठी होते हुए आदमपुर थाने तक गया। यहां सड़क पर जबरदस्त अतिक्रमण किया गया था।

अतिक्रमण ढहाने की कार्रवाई शुरू होते ही लोगों ने विरोध करने की कोशिश की लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली। कई जगह नाली पर कब्जा कर उसका अस्तित्व ही खत्म कर दिया गया था। जेसीबी लगाकर नाली को कब्जा मुक्त कराया गया। गौरतलब है कि अतिक्रमण अभियान छह जून से जिलाधिकारी विजय किरन आनंद की पहल पर शुरू हुआ है। सोमवार से शनिवार तक अभियान चलने के बाद रविवार और सोमवार को कार्रवाई बंद रही थी। मंगलवार से दोबारा शुरू हुआ अभियान आगे भी जारी रहेगा। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें