चांदपुर में बनारस बीड्स के सामने आज भी होगी जांच
- फोटो : अमर उजाला
टेटमोसॉल और अमर उजाला के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आयोजित स्किन केयर कैंप में 300 से अधिक लोगों ने चर्म रोगों को लेकर अपना परीक्षण कराया। बनारस बीड्स लिमिटेड के सामने दो दिवसीय शिविर के पहले दिन परीक्षण कराने वालों ने खुजली और फंगल इंफेक्शन से जुड़ी समस्याओं पर चिकित्सकों से बातचीत कर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
चिकित्सकों की सलाह पर ढाई सौ से ज्यादा लोगों को पिरामल कंपनी की ओर से लोशन व साबुन दिए गए। शनिवार को सुबह 11 से तीन बजे तक शिविर फिर लगेगा और इसमें डॉक्टरों की टीम सलाह देगी।
मुख्य अतिथि एडिशनल सीएमओ डॉ. पीपी गुप्ता ने शिविर का उद्घाटन किया। कहा, ज्यादातर लोग चर्म रोगों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। जब रोग बढ़ जाता है, तभी चेतते हैं और तब तक देर हो जाती है। ऐसे आयोजनों से लोगों में जागरूकता आएगी।
विशिष्ट अतिथि बनारस बीड्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अशोक गुप्ता ने बताया कि चर्म रोग होने पर लोग डॉक्टरों को दिखाने के बजाय घरेलू नुस्खों से सही करने में लग जाते हैं। ऐसे में बीमारी गंभीर हो जाती है। पिरामल इंटरप्राइजेज लिमिटेड के सेल्स ऑफिसर अनिल हरीश कुमार सिंह और क्षेत्रीय सेल्स इंचार्ज अनिल गुप्ता ने भी अपने विचार रखे।
सुबह 11 बजे से तीन बजे तक चले शिविर में जांच कराने वाली महिलाओं और पुरुषों का तांता लगा रहा। चिकित्सकों ने परीक्षण कर लोगों को आवश्यक जानकारी देने के साथ ही निदान के उपाय बताए।
मंडलीय अस्पताल के चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. एसएन दीक्षित के साथ सलाहकार के रूप में डॉ. मनीष सोनकर और आलोक सिंह मौजूद रहे। चार और पांच फरवरी को इसी कैंप का आयोजन पहड़िया मंडी के गेट नंबर एक पर सुबह 11 बजे से तीन बजे तक आयोजित किया जाएगा।