माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। मानसून बनारस के 100 किलोमीटर इलाके के रेंज में है। बुधवार को सोनभद्र से वाराणसी में दाखिल होने के बजाय बिहार के कैमूर और बक्सर होते हुए बलिया में दस्तक दे चुका है।
इसके चलते काशी में गर्मी से थोड़ी राहत रही। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री नीचे घटकर 36.8 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से 0.5 डिग्री ऊपर 28.5 डिग्री तक आ गया। 78 फीसदी नमी के साथ पुरवा हवा 26 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से बही। मौसम विज्ञान केंद्र ने बनारस में अगले तीन दिन तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मानसून के बादल बुधवार शाम से बनारस के 100 किलोमीटर के रेंज में ही मंडरा रहे हैं।
यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया मानसून बंगाल और बिहार से आगे बढ़ रहा है। आगामी 24 घंटे में बारिश संग बादल गर्जना और बिजली चमकेगी।