भ्रष्टाचार के मामले में अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार जारी
तहसील राजातालाब में भ्रष्टाचार के विरोध में अधिवक्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब की बैठक हुई। भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर एक प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। पदाधिकारियों ने एकमत से निर्णय लिया कि जब तक भ्रष्टाचार के खात्मे को लेकर तहसील स्तर पर बेंच और बार के बीच बैठक नहीं होती, तब तक न्यायालयों का विरोध जारी रहेगा। अधिवक्ताओं ने आने वाले दिनों में भी कार्य बहिष्कार जारी रखने को कहा।
तहसील बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश सिंह ने कहा कि राजातालाब में भ्रष्टाचार की शिकायतें आम हो चुकी हैं। छोटा हो या बड़ा, कोई भी कार्य बिना धनराशि दिए नहीं होता। उप जिलाधिकारी राजातालाब से वार्ता की जा चुकी है, लेकिन जब तक ठोस बैठक कर भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती तब तक अधिवक्ता कार्य बहिष्कार जारी रखेंगे। बैठक में अधिवक्ता अरविंद सिंह, पुष्पराज, अमृत पटेल, गौरव उपाध्याय सहित अन्य अधिवक्ता उपस्थित रहे।