बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए से पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा वाराणसी में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को प्रमुख हॉट स्पॉट क्षेत्र रोहनिया स्थित मोहन सराय और सारनाथ के पांडेयपुर स्थित विराट नगर कॉलोनी में बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया गया। अधीक्षण अभियंता बृजेश कुमार और अधिशासी अभियंता अरुण कुमार यादव के नेतृत्व में गहन कॉम्बिंग की गई।
मोहनसराय क्षेत्र में 543 उपभोक्ताओं के परिसरों की जांच की गई। इस दौरान 4 उपभोक्ताओं के यहां मीटर बाईपास कर सीधे बिजली चोरी पकड़ी गई। इन कनेक्शनों पर कुल 13 किलोवाट का अनधिकृत भार चल रहा था। विभाग द्वारा इन उपभोक्ताओं पर कुल 1.56 लाख रुपये का शमन शुल्क और 12.60 लाख रुपये का राजस्व निर्धारण किया गया है। इन सभी पर प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्यवाही की जा रही है। इसके अतिरिक्त, 16 उपभोक्ताओं के यहां मीटर में अनियमितता पाई गई, जो गलत विधा में बिजली का प्रयोग कर रहे थे।
इसे भी पढ़ें; काशी में बोले सीएम योगी: ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़ाएं सतर्कता, अर्बन नक्सल व उनसे जुड़े संगठनों की करें निगरानी
अभियान के दौरान 35 उपभोक्ताओं का कुल 52 किलोवाट भार बढ़ाया गया और 23 खराब मीटरों को बदला गया। बकाया बिलों पर कार्रवाई करते हुए 24 उपभोक्ताओं की लाइनें काटी गईं, जिन पर कुल 3.06 लाख रुपये बकाया थे। वहीं, 42 उपभोक्ताओं से मौके पर ही 2.85 लाख रुपये की बकाया धनराशि जमा कराई गई।
वहीं चेकिंग अभियान चलने से लोगों के बीच हड़कंप मचा रहा। कई लोगों ने जल्दी-जल्दी अपने चोरी के तार भी हटाए। हालांकि कई स्थानों पर बिजली निगम के अधिकारियों ने तार हटाने से पहले ही बिजली चोरी पकड़ ली। बिजली चोरी करने वालों पर जुर्माना लगाया गया और सख्त चेतावनी दी गई कि आगे से ऐसा करने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।