आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित महामना एक्सप्रेस ट्रेन की रैक बुधवार को कैंट स्टेशन पहुंच गई। इस ट्रेन को 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डीरेका मैदान से रिमोट के जरिये हरी झंडी दिखाकर दिल्ली के लिए रवाना करेंगे।
इसके बाद यह ट्रेन 25 जनवरी से सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को अपने निर्धारित समय शाम 6:35 बजे बनारस से दिल्ली रवाना होगी। काशी पहुंची इस मॉडल ट्रेन की आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित खूबसूरत बोगियों को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
किसी ने सेल्फी से इन पलों को यादगार बनाया तो किसी ने छूकर, निहारकर आरामदेह और सुविधाजनक सफर के अपने अहसास संजोए।
यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए मॉडल ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है। ट्रेन का रैक भोपाल पुनर्निर्माण कोच फैक्ट्री में तैयार हुआ है।
दिल्ली से यह रैक बुधवार दोपहर कैंट स्टेशन पर पहुंचा। इस गाड़ी का नंबर 22417 होगा। यह ट्रेन वाराणसी से शाम 6:35 बजे रवाना होगी और सुबह 8:25 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इसी तरह दिल्ली से शाम 6:35 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:25 बजे बनारस पहुंचेगी। सप्ताह में तीन दिन चलने वाली यह गाड़ी बनारस से सुल्तानपुर, लखनऊ होते हुए मुरादाबाद के रास्ते दिल्ली पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 18 बोगी होगी। इसमें चार जनरल कोच, एक प्रथम और द्वितीय वातानुकूलित, नौ शयनयान कोच और एक पैंट्रीकार कोच लगाया गया है।