वाराणसी के रविदास घाट पर गंगा में यात्रियों से भरी क्रूज को आतंकियों ने हाईजैक कर लिया। इसकी सूचना मिलते ही एनएसजी कमांडो और एटीएस ने रेस्क्यू अभियान चलाया। एनएसजी और एटीएस के कमांडो, सेना के हेलीकॉप्टर से क्रूज पर उतरे और आतंकियों के मंसूबे को विफल किया। क्रूज सवार सभी यात्रियों को सकुशल बचाया गया। हालांकि ये आतंकवादी हमलों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल थी।
दिल्ली में हाल ही में हुई आतंकी घटना के बाद वाराणसी में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। बृहस्पतिवार को रविदास घाट पर एनएसजी कमांडो, एटीएस और कमिश्नरेट पुलिस के अलावा एनडीआरएफ ने आतंकवाद-रोधी अभ्यास किया। अभ्यास के दौरान एक क्रूज जहाज को आतंकियों द्वारा हाईजैक की डमी बनाई। सूचना मिलते ही एनएसजी और एटीएस के कमांडो सेना के हेलिकॉप्टर से क्रूज पर उतरे और आतंकियों को निष्क्रिय करने का अभ्यास किया।
अभ्यास में एनडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। डीसीपी क्राइम सरवणन टी ने बताया कि ऐसे अभ्यास से सुरक्षा बलों की आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में बढ़ोतरी होती है। गंगा घाटों से लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।