सीएमओ दिलाएंगे प्रशिक्षण, सीओ करेंगे निरीक्षण
एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि प्राथमिक उपचार के लिए महिला हेल्पडेस्क में तैनात पुलिसकर्मियों को सीएमओ डॉक्टरों की टीम से प्रशिक्षित कराएंगे। इसके साथ ही थानों में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों को भी इस संबंध में चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। इंजरी रूम और प्राथमिक उपचार से संबंधित सामग्री का समय-समय पर क्षेत्राधिकारी औचक निरीक्षण करेंगे। क्षेत्राधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि इंजरी रूम और प्राथमिक उपचार की सामग्री को लेकर कहीं किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी तो नहीं हो रही है।
पीस कमेटी की तरह महिला सुरक्षा समिति का होगा गठन
एसएसपी ने बताया कि प्रत्येक थाना स्तर पर पीस कमेटी का गठन किया जाता है। इसी की तरह अब थाना स्तर पर महिला सुरक्षा समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति में प्रत्येक थाना क्षेत्र में रहने वाली शिक्षिकाओं, डॉक्टरों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं सहित समाज के अन्य वर्गों की महिलाओं को जोड़ा जाएगा। महिला सुरक्षा समिति की सदस्य अपने क्षेत्र में महिलाओं, युवतियों व किशोरियों को मिशन शक्ति अभियान और उनकी सुरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक करेंगी।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिसकर्मी होंगी सम्मानित
महिला संबंधी अपराधों को लेकर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मी मिशन शक्ति पुरस्कार से सम्मानित की जाएंगी। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि इसके लिए सभी थानेदारों को कहा गया है कि वह विवरण के साथ बताएं कि उनके थाने की किस महिला इंस्पेक्टर, दरोगा, हेड कंस्टेबल या कंस्टेबल ने उत्कृष्ट कार्य किया है।