संवाद न्यूज एजेंसी
मऊ। यूपी बोर्ड आईएससी 12वीं, उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद परीक्षा परिणाम घोषित हो गया है। सीबीएसई का रिजल्ट घोषित होना है। जिले के चार सहायता प्राप्त और तीन राजकीय सहित 150 वित्तविहीन महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं के प्रथम सेमेस्टर में एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। समर्थ पोर्टल के माध्यम से कॉलेज में पहले आओ पहले पाओ की तर्ज पर विभिन्न संकायों में एडमिशन प्रक्रिया चल रही है।
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ से संबद्ध जिले में तीन राजकीय, चार सहायता प्राप्त सहित 150 से अधिक महाविद्यालय हैं। राजकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में चार हजार सीटें हैं। इंटर का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्र छात्राएं एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण कराने में जुट गए हैं। इस वर्ष नई व्यवस्था के तहत छात्रों को एडमिशन लेने से पूर्व समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद महाविद्यालयों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। महाविद्यालयों में पहले आओ पहले पाओ के तहत छात्र छात्राओं को एडमिशन मिलेगा। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए 28 मई 2026 समय सीमा निर्धारित की गई है।
स्नातक में दाखिले के लिए छात्रों की पहली पसंद राजकीय महाविद्यालय और एडेड कालेज होती है। इसके बाद स्ववित्त डिग्री कालेजों में एडमिशन की बारी आती है। विज्ञान वर्ग मैथ ग्रुप तथा बायो ग्रुप की सुविधा एक मात्र संत गणिनाथ राजकीय महाविद्यालय मुहम्मदाबादगोहना और राजकीय डिग्री कॉलेज मधुबन में विज्ञान, कामर्स में सुविधा है।
जबकि स्ववित्तपोषित योजना के तहत डीसीएसके पीजी कालेज में मैथ और बायो ग्रुप की मान्यता है। जबकि अन्य सहायता प्राप्त और राजकीय डिग्री कॉलेज में कला वर्ग की ही सुविधा है। इससे छात्रों को कोर्स की सुविधा न होने से गैर जनपद का रुख करना पड़ता है।
डीसीएसके पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. सर्वेश पांडेय ने बताया कि महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। एडमिशन के पूर्व समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
मर्यादा पुरुषोत्तम पीजी कॉलेज भुड़सुड़ी की प्राचार्या डॉ. निर्मला सिंह का कहना था कि अभी ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया चल रही है। पहले आओ पहले पाओ के तहत छात्रों का एडमिशन लिया जाएगा।
राजकीय महिला डिग्री कॉलेज बगलीपिजड़ा के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अवनींद्र पांडेय का कहना है कि महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है।