घर के सामने से लापता बच्चा मिला।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के नई बस्ती पांडेयपुर स्थित घर के सामने से गायब हुआ 18 माह का पिंकू 24 घंटे के बाद सोमवार की देर शाम सारनाथ क्षेत्र के चंद्रा चौराहा के समीप सड़क किनारे रोता मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पाकर लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर सौंप दिया। पुलिस का मानना है कि बच्चे का अपहरण किया गया था और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया जाएगा।
नई बस्ती पांडेयपुर निवासी शिवशंकर पाल के अनुसार, उनका पौत्र रविवार की शाम घर के सामने खेल रहा था। इसके बाद वह अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं लगा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सोमवार की देर शाम चंद्रा चौराहे के समीप से कुछ महिलाओं ने पुलिस को सूचना दी कि एक बच्चा सड़क किनारे रो रहा है और उसकी जेब में एक कागज में एक मोबाइल नंबर लिखा हुआ है। चौकी इंचार्ज पांडेयपुर मौके पर पहुंचे और बच्चे को चौकी लाकर उसके दादा को सूचना दी। पांडेयपुर चौकी इंचार्ज ने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है। जल्द ही सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।