वाराणसी। सारनाथ स्थित एक स्कूल की छात्रा के साथ उसके कराटे शिक्षक ने दुष्कर्म किया। इसके बाद वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। शिकायत करने पर स्कूल ने नौकरी से निकाला गया तो आरोपी एसिड की बोतल लेकर छात्रा को धमकाने पहुंच गया। प्रकरण को लेकर सोमवार को कराटे शिक्षक और उसकी मां के खिलाफ कैंट थाने में दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया।
कैंट थाना अंतर्गत एक कॉलोनी में रहने वाली छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर कर उसके स्कूल के कराटे शिक्षक आशापुर निवासी शिक्षक ने दुष्कर्म किया। इस दौरान शिक्षक ने उनकी बेटी की आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिया। इसके बाद आठ महीने से फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मनमानी करने का दबाव बनाने लगा। इसकी शिकायत स्कूल प्रबंधन से की गई तो शिक्षक को नौकरी से निकाल दिया गया। रविवार को वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रहे थे तो शिक्षक रास्ते में अपने एक दोस्त के साथ एसिड से भरी बोतल लेकर खड़ा था। छात्रा के पिता के अनुसार आरोपी के कृत्य में उसकी मां भी शामिल रही और वह उनकी बेटी पर शादी करने का दबाव बनाती थी। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट एके ओझा ने बताया कि मां-बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।