कैंट रोडवेज परिसर क्षेत्र में रविवार रात तबला वादक भोला नाथ मिश्रा को ऑटो सवार टप्पेबाजों ने शिकार बना लिया। इस दौरान बैग में रखे 12 हजार नगद, मोबाइल और अन्य सामान उड़ा दिए। पीड़ित ने सिगरा थाने में तहरीर दी। कबीरचौरा निवासी भोलानाथ मिश्रा के अनुसार बेटी को लखनऊ छोड़कर ट्रेन से कैंट स्टेशन पहुंचे और कबीरचौरा जाने के लिए वह इंग्लिशिया लाइन स्थित ऑटो में बैठ गए।
ऑटो में पहले से ही पीछे दो लोग बैठे थे। एक चालक के साथ आगे बैठा था। भोलानाथ मिश्रा ने अनुसार इंग्लिशिया लाइन व मलदहिया होकर निकले चालक ने लोहामंडी चौराहे के पास ऑटो रोक दिया। कोयला बाजार जाने का हवाला देकर भोलानाथ को दूसरा साधन पकड़ने की सलाह दी और उन्हें वहीं उतार दिया। थोड़ी देर बाद भोलानाथ ने बैग टटोला तो उनके होश उड़ गए। बैग में रखा पैसा और सामान गायब था। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
बिजली विभाग के एसडीओ राहुल सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक करके साइबर जालसाजों ने दोस्तों से रुपये मांगे। जानकारी होने पर एसडीओ ने साइबर सेल में मुकदमा दर्ज कराया। एसडीओ के अनुसार उनके एक मित्र ने सूचना दी कि फेसबुक के मैसेंजर से इलाज के नाम पर पैसे की मांग की गई है। इस मामले में रविवार को साइबर सेल में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कंपनी में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और अन्य आरोपों में पीड़ित की तहरीर पर भेलूपुर थाने में तीन पार्टनरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। न्यायालय के आदेश पर तीनों के खिलाफ कार्रवाई हुई।
दुर्गाकुंड इलाके के रहने वाले पीड़ित ऋषि डिडवानिया का आरोप है कि पांडेयपुर कैंट निवासी राकेश जायसवाल, औसानगंज निवासी मनोज सिंह और सोनभद्र ओबरा शिवनगर कालोनी निवासी लालबहादुर प्रसाद ने वर्ष 2018 में एक कंपनी में पार्टनर बनाने के नाम छह करोड़ 50 लाख रुपये खाते से ट्रांसफर के माध्यम से लिया।
काफी दबाव बनाने पर सभी ने चार करोड़ 13 लाख रुपये वापस किए। शेष पैसे मांगने पर राकेश ने छावनी स्थित होटल में बुलाकर पिटाई की और एग्रीमेंट डीड फाड़ दिया। साथ ही राकेश ने 50 हजार रंगदारी मांगी। इंस्पेक्टर भेलूपुर रमाकांत दुबे ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।