मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के ढोलवन मोड़ के पास गुरुवार की देर रात 11 बजे अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर एक किसान की हत्या कर दी। हत्या के समय किसान बाइक से वापस घर जा रहा था। इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ किसान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
क्या है मामला
मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के ढोलवन निवासी रामजन्म राजभर (55) के रूप में हुई। गुरुवार की देर रात वह साइकिल से गांव से दो किमी दूर गहनी मोड़ के पास आया था, जहां से वापस आटा लेकर लौटते समय पहले से उसके आने का इंतजार कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी।
गोली रामजन्म के सीने में लगी। उधर, वारदात को अंजाम देकर दोनों बदमाश फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस घटना के बाद पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर थाना प्रभारी सुभाषचंद ने बताया कि मामला संज्ञान में है, हत्या का कारण पता नहीं चल सका है।