वाराणसी जिले के भीटी के श्रीराम नगर कॉलोनी में बुजुर्ग मंगला तिवारी के घर में घुसकर महिलाओं और दो बच्चों की पिटाई के आरोपियों की ओर से धमकियां दी जा रही हैं। घटना के तीन दिन बाद भी मुख्य आरोपी शनि और राकेश की पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अनधिकृत रूप से संचालित एक कोचिंग को भी पुलिस ने रविवार को बंद कराया है।
शुक्रवार को श्रीराम नगर कॉलोनी की गली में दबंग शनि तेज रफ्तार बाइक से हार्न बजाते हुए आवाजाही कर रहा था। गली में डॉ. आरएस पटेल के बेटे द्वारा कोचिंग का संचालन किया जाता है। बुजुर्ग मंगला तिवारी ने शनि को टोका तो वह गाली-गलौज करते हुए वहां से भाग गया। इसके बाद वह अपने साथियों राकेश, भरत, करन और अन्य युवकों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर मंगला तिवारी के घर में घुस गया।
दबंगों ने मंगला तिवारी सहित दो बच्चों और महिलाओं पर हमला कर दिया, जिससे सभी के सिर फट गए। बेरहमी से पिटाई करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। घटना के एक दिन बाद पुलिस ने भरत और करन को हिरासत में लेकर उनका चालान किया, जबकि मुख्य आरोपी शनि और राकेश की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इसे भी पढ़ें; Varanasi News: सरकारी जमीन पर निर्माण के विवाद में ग्राम प्रधान हिरासत में, दो घंटे चक्काजाम
आरोपियों के परिजनों की ओर से गली में दोबारा हूटिंग की जा रही है और पीड़ितों को तरह-तरह की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार दहशत में है। शनि भी कॉलोनी में खुलेआम आवाजाही कर रहा है।
रामनगर थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी शनि और राकेश की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है। अन्य हमलावरों की भी शिनाख्त कराई जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। सीसी कैमरे और वीडियो में सामने आए अज्ञात हमलावरों की भी पहचान कराई जा रही है।