थाना क्षेत्र के एक गांव में हुए बालिका हत्याकांड का सोमवार को पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया। हत्याकांड में पड़ोसी युवक शामिल था। वह शराब के नशे में कुरकुरे का लालच देकर बालिका को दुष्कर्म की नीयत से उपले वाले कमरे में ले गया। वहां बालिका के शोर मचाने पर मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को उपले के ढेर में छिपा दिया। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
जिगना थाना क्षेत्र के एक गांव में 12 मई की दोपहर मां के पास सोई आठ वर्षीय बालिका लापता हो गई थी। दो दिन बाद बालिका का शव उपले रखने वाले एक कमरे में उपले के ढेर में मिला। मामले में परिजनों की तहरीर पर पुलिस दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी। एएसपी ऑपरेशन ओपी सिंह, सीओ लालगंज शैलेंद्र त्रिपाठी और जिगना थानाध्यक्ष शैलेश राय छानबीन में जुटे। पिता से पूछताछ के बाद पुलिस ने गांव के एक युवक को पकड़ा। उससे पूछताछ की गई तो हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी गोविंद उर्फ बडकू को सोमवार को जेल भेेज दिया। थानाध्यक्ष शैलश कुमार राय ने बताया कि आरोपी नशे में था। दुराचार की नीयत से बालिका को ले गया। दुराचार की कोशिश पर बालिका के चिल्लाने पर मुंह दबा दिया। इससे बालिका की मौत हो गई।
बालिका के पिता के साथ पी थी शराब
12 मई की सुबह गोविंद उर्फ बडकू घर से गुस्से मेें निकला। घर के बाहर उसे पड़ोसी बालिका का पिता मिला गया। युवक बालिका के पिता को लेकर शराब पीने चला गया। लौटते समय पिता पुत्री के लिए कुरकुरे आदि लेकर आया था। इसके बाद युवक दोबारा बालिका के पिता को शराब पिलाने लेकर गया। वहां से वापस लौटने पर तो बालिका का पिता सब्जी रखने कमरे में गया। इस दौरान बालिका पर शराब के नशे में धुत युवक की नीयत खराब हुई। इस पर वह बालिका को उपले वाले मकान में ले गया। बालिका की हत्या कर आरोपी फिर बच्ची के पिता को साथ लेकर शराब पीने चला गया। जिससे उस पर किसी को शक न हो।