मिर्जापुर जिले के चुनार कोतवाली पुलिस ने इस्पात कंपनी के टेक्निकल डायरेक्टर हत्याकांड के चौथे आरोपी विक्रम यादव को अचितपुर स्थित यादव ढाबा के पास से सोमवार की दोपहर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए हैं। मामले का खुलासा एसपी सिटी संजय कुमार ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
शांति गोपाल कान कास्ट कंपनी के टेक्निकल डायरेक्टर जिवनन्दी रथ की 27 सितंबर को चुनार के कबीर मठ पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें उनके साथी किशोरचंद्र भी गोली लगने से घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने 10 दिन बाद दो आरोपी अजय यादव, अनिल यादव को गिरफ्तार किया था।
कुछ दिन पहले पुलिस ने मुठभेड़ में तीसरे आरोपी अजीत यादव उर्फ भानु को गिरफ्तार किया। उसके पैर में गोली भी लगी। चुनार पुलिस व स्वॉट टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चौथा आरोपी विक्रम यादव अचितपुर स्थित यादव ढाबा के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर विक्रम को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से पिस्टल बरामद कर ली।