शासन ने भदोही जनपद में अवैैध तरीके से खनन कराने के आरोप में भदोही के प्रभारी एवं मिर्जापुर के खनन अधिकारी जेपी द्विवेदी को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए खान अधिकारी को लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है।
उनके स्थान पर झांसी में तैनात रहे खनन अधिकारी आरबी सिंह को मिर्जापुर का खनन अधिकारी बनाकर भेजा गया है।
बता दें कि खान अधिकारी जेपी द्विवेदी को भदोही जनपद में खाली चल रहे खनन अधिकारी का भी प्रभारी बनाया गया था।
आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने कुछ लोगों से मिलीभगत कर धड़ल्ले से बालू का अवैैध खनन कराया। जिसकी शिकायत लोगों ने शासन में की थी लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। सरकार बदलने के बाद लोगों ने एक बार फिर अवैध खनन कराए जाने का वीडियो सीएम के पास भेजा। जिसमें खनन अधिकारी की मिलीभगत भी बताई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन ने खनन अधिकारी जेेपी द्विवेदी को निलंबित करते हुए मुख्यालय से अटैच कर दिया। साथ ही पूरे मामले पर जांच बैठा दी। सूत्रों की माने तो अवैध खनन के मामले में कई लोगों का गला फंस सकता है। क्योंकि इसमें अधिकारी से लेकर सफेद पोश तक के लोग शामिल है।
खनन अधिकारी के विरुद्घ हुई कार्रवाई से विभाग के कई लोग सकते में है।