उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में बदमाशों ने एक वस्त्र व्यवसायी पर निशाना साधकर फायरिंग कर दी। संयोग रहा कि व्यवसायी को गोली छूते हुए निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। घटना की सूचना से हड़कंप मच गया। मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा कला गांव के पास रविवार की रात का है। वस्त्र व्यवसायी दुकान बंद कर घर जा रहा था तभी बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
क्षेत्र के बरकछा खुर्द निवासी कपड़ा व्यवसायी चुल्लूराम मौर्या (50) की कपड़ा की दुकान बरकछा पेट्रोल पंप के पास स्थित है। रविवार की रात वह दुकान बंद कर अपने घर वापस जा रहे थे। वह बरकछा खुर्द मोड़ के पास पहुंचे तो बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। चुल्लूराम की पीठ में गोली छूते हुए निकल गई।
मौके से भागकर पास स्थित दुकान में जाकर उसने जान बचाई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। चुल्लूराम को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल में ले जाया गया। इस सम्बंध में देहात कोतवाल विजय चौरसिया ने बताया कि गोली नहीं चली है। मामले कि जांच की जा रही है। व्यवसायी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।