खड़ंजा फॉल में सोमवार को हुआ था हादसा
- फोटो : अमर उजाला
मिर्जापुर जिले के खड़ंजा और विंढम फॉल सहित अन्य जलप्रपात अगले 15 दिनों तक सैलानियों के लिए बंद रहेंगे। डीएम ने बताया कि लोगों को मौत के मुंह में जाने से बचाने के लिए यह कवायद करनी पड़ रही है।
जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे और पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने मंगलवार को जिले के खड़ंजा और विंढम फॉल का दौरा कर वहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने जिले के सभी जलप्रपातों को सैलानियों के लिए 15 दिनों के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि फॉल पर कोई न पहुंच सके इसका ध्यान रखा जाए। एक पखवाड़े बाद इसकी समीक्षा की जाएगी, उसके बाद उसे खोला जाएगा।
जिलाधिकारी बिमल कुमार दुबे एसपी के साथ मंगलवार की सुबह खड़ंजा और विंढम फाल पर पहुंचे थे और एनडीआरएफ की टीम को गायब हुए युवक की तलाश में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने एसपी को आदेश दिया कि सभी फॉल को आम लोगों के लिए 15 दिन के लिए बंद कर दिया जाय।
हर 15वें दिन फॉल की सुरक्षा की समीक्षा के बाद ही परिस्थिति अनुसार उन्हें खोला जाएगा। डीएम ने बताया कि लोगों को मौत के मुंह में जाने से बचाने के लिए यह कवायद करनी पड़ रही है। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया है कि पिकनिक स्पॉट पर जाल की व्यवस्था की जाए।
बांधों से पानी छोड़े जाने के पूर्व लाउडस्पीकर से पिकनिक स्थलों पर सूचित किया जाए। वार्निंग सिस्टम को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने लोगों से अपील कि पिकनिक स्थलों पर जाने के बाद खुद की सुरक्षा के प्रति सचेत रहें।