मिर्जापुर अहरौरा थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव में मंगलवार रात गलत इरादे से पड़ोसी के घर में घुसे युवक को लोगों ने पीटकर मार डाला। मामले में पुलिस ने एक युवती, उसकी मां और भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
क्षेत्र निवासी विनोद उर्फ प्रमोद (35) मजदूरी करता था। पांच वर्ष पूर्व उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद से उसके दो पुत्र और दो पुत्रियां ननिहाल चंदौली के दाउदपुर में रहते हैं। आरोप है कि मंगलवार रात 11 बजे विनोद पड़ोस की युवती पर गलत नीयत रखते हुए उसकी छत पर चढ़ गया। आहट सुनकर युवती के घर वालों की नींद खुल गई। उन्होंने विनोद को दौड़ा लिया।
इस पर पिटाई बचने के लिए विनोद छत से कूद गया और सीमेंटेड चादर पर गिर कर घायल हो गया। इसके बाद भी वह भागते हुए सड़क पर आ गया, लेकिन युवती के परिवार वाले उसे पकड़ कर अपने बरामदे में ले आए और लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। इस कारण गंभीर रूप से घायल विनोद ने दम तोड़ दिया।
आरोप है कि पिटाई करने वाले उसके शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, तभी सूचना पर पुलिस पहुंच गई और शव कब्जे में ले लिया। एएसपी नक्सल अजय कुमार और क्षेत्राधिकारी आपरेशन हितेंद्र कृष्ण भी पहुंच गए। थानाध्यक्ष राजेश चौबे ने बताया कि मामले में युवती, उसकी मां और भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पड़ोस की युवती पर गलत नीयत रखते हुए विनोद उसके घर में घुसा था। युवती के परिजनों ने उसकी लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। मामले में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
हितेंद्र कृष्ण, क्षेत्राधिकारी आपरेशन