वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी करने के आरोपी किशोर और उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। कब्जे से चोरी की तीन बाइक और मोटर पार्ट्स बरामद किया।
चोरी की तीन बाइक और मोटर पार्ट्स के संग सारनाथ पुलिस ने तीन आरोपियों को चंद्रा चौराहे से गिरफ्तार किया। आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। रविवार को डीसीपी वरुणा आरती सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दीपक चौहान, बाइक मिस्त्री पंचम भारद्वाज और एक बाल अपचारी है। यह सभी सारनाथ के रहने वाले हैं।
विज्ञापन
सारनाथ थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह विभिन्न क्षेत्रों से बाइक और स्कूटी चोरी करते हैं। बरामद बाइक के बारे में बताया कि यह गाड़ियां लालपुर-पांडेयपुर, चेतगंज और लंका थाना क्षेत्र से चोरी किया था। बाल अपचारी ने पूछताछ में बताया कि दोस्त दीपक चौहान के संग गाड़ी चोरी करता था।
तीन माह पहले संप्रेक्षण गृह से छूट कर आया था किशोर
इस काम में सहायता दीपक का दोस्त पंचम जो कि बाइक मिस्त्री है, वह करता है। रसूलगढ़ स्थित रेलवे क्रासिंग के पास उसकी दुकान है। पंचम से चोरी की बाइक का पार्ट्स बदलवा कर शहर में घूमते थे। बाल अपचारी तीन माह पूर्व ही रामनगर राजकीय संप्रेक्षण गृह से छूट कर आया था।
कुछ दिन पूर्व दशाश्वमेध से बाइक चोरी कर घूमे थे और ईंधन खत्म होने पर भैरवनाथ गली में छोड़कर भाग निकले थे। सारनाथ थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह के अनुसार आरोपियों को चंद्रा चौराहा के पास से टीम ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।