प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय की ओर से सोलर पावर जनरनेशन प्लांट लगाने की तैयारी है। इसके साथ ही काशी को हरियाली से परिपूर्ण बनाने के लिए भी योजनाओं पर काम चल रहा है।
हाल ही में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने जर्मनी का दौरा कर वहां ग्रीन एनर्जी की पहल का अध्ययन किया है। उनका मंत्रालय ऊर्जा के अन्य को विकसित करने की योजना को वह काशी में भी लागू करने की स्थितियों को परख रहा है।
बनारस को पूर्ण रुप से हरा भरा बनाए जाने की योजना फिलहाल मंत्रालय स्तर पर ही है लेकिन जल्दी ही इसको मूर्त रुप दे दिया जाएगा। नई दिल्ली में इसके लिए गोयल और कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण के बीच बातचीत हुई है। मंत्री ने कमिश्नर से इस योजना को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर ही लागू करने को कहा है।
कमिश्नर ने बताया कि सभी सरकारी भवनों को हरा-भरा रखने की योजना बनाई गई है। इसके बाद सभी भवनों के आगे शहर को पूर्ण रुप से हरा-भरा और ऊर्जा से परिपूर्ण रखने का बोर्ड भी लगाना होगा।
पहले चरण में ऊर्जा बचत पर काम किया जा रहा है। समझा जा रहा है कि किस तरह अधिक से अधिक ऊर्जा की बचत की जाए। इसके लिए सोलर सिस्टम को माध्यम बनाकर अधिक से अधिक लोगों को इसका इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
योजना को शहरी विकास कार्यक्रम के तहत लागू किया जाएगा। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देकर भी काशी को हरा-भरा बनाने का सशक्त माध्यम बनाया जाएगा।