वाराणसी विकास समिति की ओर से कैंटोमेंट स्थित होटल में संगोष्ठी
- फोटो : अमर उजाला
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि काशी का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। जनसमस्याएं तत्परता से हल होंगी। विकास योजनाओं को तय समय पर पूरा कराया जाएगा। जनसहयोग पर बल देते हुए कहा कि जरूरी है कि काशी के विकास के लिए यहां के नागरिक, उद्यमी और व्यापारी आगे आएं।
शनिवार को वाराणसी विकास समिति की ओर से कैंटोमेंट स्थित एक होटल में आयोजित संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि सड़क, अतिक्रमण, सीवेज, पेयजल जैसे बुनियादी समस्याएं प्राथमिकता के तौर पर हल कराई जाएंगी।
इस दिशा में वाराणसी विकास समिति की पहल को सराहते हुए कहा कि अब वह हर महीने के तीसरे शनिवार को यहां आएंगे और जो भी दिक्कतें होंगी, उनका निराकरण कराया जाएगा। राज्यमंत्री अनिल राजभर और महापौर रामगोपाल मोहले ने भी काशी के विकास की प्रतिबद्धता जताई।
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ रहे हैं। दोनों नेताओं को अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए।
कहा कि सपा और बसपा सरकार में राजशाही चलती थी लेकिन भाजपा सरकार में ऐसा नहीं है। यह जनता की सरकार है।
महापुरुषों की जयंती पर घोषित सार्वजनिक अवकाशों के रद्द करने के सीएम के फैसले को उचित ठहराते हुए कहा कि इससे बच्चों को फायदा होगा। एक तो कक्षाएं अधिक चलेंगी, दूसरे उन्हें महापुरुषों के बारे में जानकारी भी हासिल होगी।
अफसरों ने मंत्री को भी गफलत में रखा
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के अफसरों ने सूबे के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना को आधी-अधूरी जानकारी ही दी। उन्हें बताया गया कि शहर में 27 ओवरहेड टैंक बने हैं, जिनकी जांच चल रही है जबकि सच्चाई यह है शहर में 42 ओवरहेड टैंक बने हैं।
सूत्रों की मानें तो कुछ ओवरहेड टैंकों के निर्माण में भारी अनियमितता की गई है। इसे छिपाने के लिए ऐसा किया गया। जबकि, प्रदेश सरकार की ओर से शहर में बन चुके 42 ओवरहेड टैंकों की जांच पहले ही टीएसी को सौंपी जा चुकी है।
साल भर पहले से तैयार इन ओवरहेड टैंकों से लीकेज के चलते अब तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं कराई जा सकी है। 42 ओवरहेड टैंकों की जांच टीएसी से कराने की जानकारी जब पत्रकारों ने मंत्री को दी तो वह भी एकबारगी भौचक रह गए।
कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सरकार का प्रयास होगा कि जितना जल्दी हो सके, इन ओवरहेड टैंकों से सप्लाई चालू हो।