रोहनिया के पनियरा उपाध्यायपुरा में बुधवार की रात करमाइकल लाइब्रेरी के लिपिक राकेश पाठक के घर डकैतों ने धावा बोला। चाकू, राड और लाठी-डंडे से लैस बदमाशों ने महिलाओं की पिटाई कर जमकर लूटपाट की। वे गहने, कीमती साड़ियां सहित चार लाख मूल्य के सामान और 75 हजार नगद लूट ले गए।
बदमाश की संख्या 11 थी। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर और एसओ रोहनिया फोर्स के साथ पहुंचे। डकैतों के बावरिया गिरोह से जुड़े होने की आशंका है। ज्ञानवापी करमाइकल लाइब्रेरी के लिपिक राकेश पाठक का पनियरा के उपाध्यायपुरा में मकान है। वह बुधवार की रात रामेश्वर गए थेे।
इसी दौरान रात एक बजे पांच-छह बदमाश छत के रास्ते घर में घुस गए। इतनी ही संख्या में बदमाशाें ने दरवाजे को घेर लिया। जिस कमरे में राकेश के छोटे भाई राजेश परिवार के साथ सोए थे, उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। राकेश की पत्नी कुसुम जिस कमरे में सोई थीं, उसका दरवाजा से बंद नहीं था। बदमाश उनके कमरे में घुस गए और लाइट जला दी।
कुसुम की नींद खुली तो बदमाशों ने उनके गले पर चाकू सटाकर राड से मारने के लिए धमकाया। वह कुछ समझ पातीं उससे पहले ही बदमाशों ने राड से मारकर बड़े बक्से का ताला तोड़ दिया और अंदर अटैची में रखे सोने-चांदी के गहने, साड़ियां और करीब 75 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर कुसुम की पिटाई भी की। बदमाशों ने गुल्लक में रखे रुपये तक नहीं छोड़े।
इसके बाद बदमाश उनकी सास कमलावती के कमरे में घुस गए और वहां रखी अटैची लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने बुजुर्ग कमलावती की भी पिटाई की। रात करीब दो बजे परिवारवालों ने राकेश को सूचना दी। वह फौरन घर पहुंचे। उनके चचेरे भाई राजीतराम पाठक ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। सीओ सदर मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।