काशी के संकट मोचन मंदिर को उड़ाने की धमकी के कुछ घ्ांटों बाद ही मरूई गांव में बम जैसी संदिग्ध बेलनाकार वस्तु मिलने से सनसनी मच गई है। उस पर एंटी रेडिएशन पैक लिखा देख ग्रामीण दहशत में हैं।
गुरुवार को फारेंसिक विशेषज्ञ, सेना और इंटेलीजेंस के अफसर मौके पर पहुंचे और पड़ताल की, लेकिन वे भी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं थेे। एहतियातन उस स्थान (खेत) को यलो टेप से घेरकर वहां पुलिस तैनात कर दी गई है। अब जांच के लिए लखनऊ से फोरेंसिक टीम बुलाया गई है।
इस बीच पुलिस की टीम ने बीएचयू के न्यूक्लियर विशेषज्ञों से भी संपर्क साधा है। प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में एक दिन में दो बड़ी घटनाओं को लेकर खुफिया तंत्र भी सतर्क हो गया है। मालूम हो कि बुधवार को संकट मोचन मंदिर उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद अब मरूई गांव के पोखरे के पास खेत में बेलन के आकार के 45 किलो वजनी धातु के मिलने से हड़कंप मचा है।
इसे कोई रेडियम तो कोई कुछ और ही बता रहा है। वहीं बम होने की आशंका में पुलिस सतर्क हो गई है। एसपी ग्रामीण डा. एके पांडेय ने कहा कि जांच के लिए लखनऊ से फोरेंसिक टीम को बुलाई गई है। शुरुआती जांच में यह बम प्रतीत नहीं हो रहा है।