बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को मंडलीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ बड़ा लालपुर स्टेडियम में हुआ। पहले दिन खोखो और दौड़ प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने हिस्सा लिया। शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। खिलाडियों की ओर से मार्च पास्ट करते हुए सलामी दी। बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के चार जनपद वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के बच्चे दो वर्गों में बैडमिंटन, जिमनास्टिक, कबड्डी, जैसे कई खेल में हिस्सा लेंगे। जनपद वाराणसी के एडी बेसिक वाराणसी मंडल वाराणसी हेमंत राव, डॉ. गोरखनाथ पटेल, उपासना रानी वर्मा रहीं।
राष्ट्रीय शतरंज में वाराणसी के गोविंद विजेता
आजमगढ़ के खनियरा स्थित एक विद्यालय में अखिल भारतीय शतरंज संघ व उत्तर प्रदेश चेस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के विजेता वाराणसी के गोविंद बने। प्रतियोगिता में देशभर से आए लगभग 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उपविजेता वाराणसी के आर्यन वर्मा रहे। नई दिल्ली के अक्षत नेगी तीसरे स्थान पर रहे। बलराम बरनवाल और अमित शेरवानी ने विजेताओं को दो लाख रुपये नकद, ट्रॉफी दी।
इसे भी पढ़ें; UP: मऊ में पांच साल बाद शुरू हुई सांसद खेल प्रतियोगिता, घोसी सांसद ने पोस्टर से नाम गायब करने का लगाया आरोप
क्लेकोर्ट पर किया वाॅलीबाॅल का अभ्यास
72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल प्रतियोगिता सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 4 से 11 जनवरी तक खेली जाएगी। इसके लिए यूपी टीम का राष्ट्रीय शिविर सिगरा स्टेडियम में लगाया गया है। सोमवार को महिला टीम के खिलाड़ियों ने विद्यापीठ के क्ले कोर्ट पर अभ्यास किया। जिला सचिव सर्वेश पांडेय ने बताया कि मैदान तैयार न होने से खिलाड़ियों ने विद्यापीठ में अभ्यास किया। इंडोर में दो और आउटडोर में दो मैदान तैयार कराए जा रहे हैं।
ब्लॉक संसाधन केंद्र चिरईगांव में सोमवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें ब्लॉक के समस्त पूर्व माध्यमिक व कंपोजिट विद्यालयों से चयनित तीन-तीन छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुल पांच टीमों के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में सीवी रमन टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस टीम का चयन अब जनपद स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है। चयनित प्रतिभागियों में सुल्तानपुर से ऋषि राजभर, देवरिया प्रांजल यादव, नवापुरा से ओमकार गुप्ता, जयरामपुर से आरती तिवारी एवं सुल्तानपुर से नंदिनी शामिल हैं।
काजल के गोल से जीती विकास की टीम
राष्ट्रीय खिलाड़ी काजल पटेल के आठ गोल से सोमवार को जिलास्तरीय आमंत्रण बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में विकास इंटर कॉलेज ने लाल बहादुर शिक्षण संस्थान (एलबीएस) को 26-25 से हरा दिया। परमानंदपुर मिनी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में एलबीएस की राष्ट्रीय खिलाड़ी शिवांगी पांडेय ने आक्रमण शुरू किया। विकास इंटर की राष्ट्रीय खिलाड़ी काजल ने आठ, प्रिया ने सात व आयुषी ने सात गोल किए। हाफ टाइम तक स्कोर 14-14 रहा। मैच समाप्त होने से एक मिनट पहले विकास कालेज की आयुषी के जंप शॉट से टीम को जीत मिली।
नेहरू पहलवान के ढाक दाव चित हुए मंजीत पहलवान
बड़गांव क्षेत्र के बरही कला में दंगल में देशभर से आए पुरुष व महिला पहलवानों ने उपस्थिति दर्ज कराई। नेहरू पहलवान ने ढाक दांव पर मंजीत को चित कर 51 हजार का इनामी दंगल जीत लिया। दंगल में सबसे बड़ी कुश्ती नेहरू पहलवान जगापट्टी व मंजीत सिंह दिल्ली के बीच हुई। दूसरी बड़ी कुश्ती सुदामा दास अयोध्या ने आशीष राजस्थान को धोबिया दांव लगाकर चित किया। पटना सचिवालय में कार्यरत महिला पहलवान नूतन व सीमा मऊ के बीच 21 हजारी कुश्ती बराबरी पर छूटी। सुखविंदर सिंह पंजाब व राहुल यादव वाराणसी के बीच 11 हजार की कुश्ती भी बराबरी पर रही। मौके पर शैलेश सिंह, ग्राम प्रधान दिलीप सिंह, रमेश सिंह मौजूद रहे।