महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ (Mgkvp) के यूजी-पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए परीक्षाएं 20 से 25 जुलाई की बीच कराई जाएंगी। विवि में समय पर प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर सत्र चलाने की योजना पर काम शुरू हो गया है। बुधवार को कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी की अध्यक्षता में प्रवेश सेल एवं समर्थ पोर्टल से संबंधित बैठक में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने का निर्णय हुआ। इसके साथ ही बृहस्पतिवार से गंगापुर परिसर का प्रवेश फॉर्म ऑनलाइन करने का निर्णय लिया गया।
कुलपति ने स्नातक और स्नातकोत्तर अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा समय से कराकर रिजल्ट जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को गंगापुर परिसर की प्रवेश वेबसाइट का उद्घाटन रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल करेंगे। प्रवेश सेल के समन्वयक प्रो. संजय ने बताया कि प्रवेश परीक्षा 20 से 25 जुलाई के बीच कराने की तैयारी है। नॉन एंट्रेंस पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया पहले शुरू होगी। ऐसे पाठ्यक्रमों की कक्षाएं समय पर शुरू कराई जाएंगी। बताया कि अब तक 24 हजार अभ्यर्थियों ने प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है, जिसमें 17,900 ने फीस जमा कर दी है।
कुलपति ने प्रवेश सेल के समन्वयक को निर्देश दिया कि प्रवेश प्रक्रिया सुचारु रूप से कराने के बाबत संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक आदि के साथ बैठक की जाए। विश्वविद्यालय के शिक्षकों के लिए प्रवेश प्रक्रिया संबंधी कार्यशाला आयोजित की जाए। प्रवेश प्रक्रिया में छात्रों की सहायता के लिए विश्वविद्यालय परिसर में हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे, जहां से छात्र प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अब समर्थ पोर्टल से स्वीकृत होगा शिक्षकों का अवकाश
कुलपति ने बताया कि अब विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल के माध्यम से अध्यापकों और कर्मचारियों की छुट्टी स्वीकृत होगी। इसका उद्घाटन दिनांक पांच जुलाई को होगा। छुट्टी के लिए अध्यापकों और कर्मचारियों को समर्थ पोर्टल पर आवेदन करना होगा, जहां संबंधित अधिकारी उनके अवकाश को स्वीकृति देंगे।