पांडेयपुर स्थित मानसिक अस्पताल में मनाेरोगियों का इलाज संगीत थेरेपी से किया जाएगा। संगीत चिकित्सा प्रकोष्ठ एवं शोध केंद्र के समन्वयक डॉ. दुर्गेश कुमार उपाध्याय और उनके पांच विद्यार्थी मरीजों को राग वादन सुनाएंगे। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग में स्थापित संगीत चिकित्सा प्रकोष्ठ एवं शोध केंद्र और मानसिक चिकित्सालय के बीच सोमवार को एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुआ। समझौता ज्ञापन काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी और मानसिक अस्पताल के निदेशक डॉ. सीपी मल ने किया।
समझौतेे के तहत दोनों संस्थान संगीत के माध्यम से मानसिक रोगियों का इलाज करेंगे। अस्पताल के निदेशक ने बताया कि वर्तमान में छात्रों द्वारा मानसिक विकार से ग्रसित एक छोटे समूह पर अध्ययन किया जा रहा है। भविष्य में व्यापक स्तर के साथ साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी संगीत चिकित्सा विधियों का प्रयोग शोध अध्ययन हेतु करने की योजना है। इस दौरान वित्त अधिकारी प्रो. सुधीर शुक्ला, मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय उपस्थित रहीं।