वैश्विक आर्थिक मुद्दों के समाधान के लिए वाराणसी में जी-20 समूह के फ्रेमवर्क वर्किंग ग्रुप की दो दिवसीय बैठक आज यहां शुरू हो गई। इस बैठक में 19 देशों के 75 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। वित्त मंत्रालय के मुताबिक जर्मनी की अध्यक्षता यह ग्रुप की तीसरी बैठक है।
इससे पहले बर्लिन और रियाद में इस तरह की बैठक हो चुकी है। अंतिम एवं चौथी वार्ता अर्जेंटीना में हो सकती है। इस बैठक में जी-20 के नेता वर्तमान वैश्विक आर्थिक स्थिति पर चर्चा करेंगे।
साथ ही इस बात पर भी विचार किया जाएगा कि विकास की राह में आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए दुनियाभर के देशों के पास क्या विकल्प है। इसके अलावा जी-20 देशों के एजेंडे में शामिल समावेशी विकास पर भी विचार किया जाएगा।
2009 में मसौदा कार्य समूह के गठन के बाद से यह चौथा मौका है जब भारत इसकी मेजबानी कर रहा है। इससे पहले भारत में नीमराणा (राजस्थान), 2012 में, गोवा 2014 में और केरल में 2015 में वार्ता आयोजित हो चुकी है।