दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में महिला विंग के समीप बनाए गए अस्थायी दवा वितरण काउंटर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। अस्पताल प्रशासन ने निर्णय लिया है कि मंगलवार से मरीजों को दवाओं का वितरण इसी नए काउंटर से किया जाएगा। यह जानकारी कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. कौशल कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परियोजना के कारण विभिन्न विभागों और सेवाओं का चरणबद्ध स्थानांतरण किया जा रहा है। इसी क्रम में पहले ही पर्चा काउंटर, सीएमएस कार्यालय समेत अन्य व्यवस्थाओं को नए स्थानों पर स्थानांतरित किया जा चुका है। दवा वितरण काउंटर के लिए भी महिला विंग के समीप स्थान चिन्हित कर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसे अब पूर्ण कर लिया गया है। नई व्यवस्था लागू होने से मरीजों और तीमारदारों को दवा प्राप्त करने में अधिक सुविधा मिलेगी तथा अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन भी सुचारु रूप से जारी रहेगा।