वाराणसी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के 21 जिलों में खुले नए बिजली चोरी निरोधक थानों में तैनात पुलिस कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। सोमवार को भिखारीपुर स्थित कार्यालय में एमडी गोविंद राजू एनएस ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप बिजली चोरी रोकें, जिसे कोई चुनौती न दे पाए। इस दौरान थाना प्रभारियों ने नेट कनेक्टिविटी, कंप्यूटर, बैठने की उचित व्यवस्था आदि पर ध्यान आकृष्ट कराया। अध्यक्षता कर रहे निदेशक वाणिज्य ओपी दीक्षित ने भरोसा दिलाया कि समस्या का समाधान होगा।
सतर्कता के अपर पुलिस अधीक्षक कपिलदेव सिंह ने सभी थाना प्रभारियों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि बिजली थानों में नियुक्त सभी कर्मचारी अपने पद के अनुरूप जिम्मेदारियों व दायित्वों का निर्वहन करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अभियंता मनोज अग्रवाल ने बिजली चोरी से जुड़े सभी नियमों की इलेक्ट्रिसिटी एक्ट-2003 व सप्लाई कोड-2005 के अनुसार उपस्थित सभी कर्मियों को विस्तृत जानकारी दी।
स्टाफ अधिकारी एआर वर्मा ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों को यह भी बताया कि रात में किसी आवासीय परिसर की चेकिंग वयस्क पुरुष की उपस्थिति में ही करें। पुलिस कर्मियों को बिजली विभाग में लाइनमैन से लेकर अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के पदों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता रेड एमएन गोयल, अधिशासी अभियंता रेड विजय खेड़ा, उप विधि अधिकारी त्रिभुवन जोशी, प्रवक्ता राकेश सिन्हा आदि शामिल रहे।