Varanasi News: काशी में सजने वाले वॉलीबॉल महाकुंभ के उद्घाटन सत्र के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहला आमंत्रण दिया गया है। इस खेल महाकुंभ में देशभर के खिलाड़ी खेलेंगे।
सिगरा स्टेडियम में चार से 11 जनवरी 2026 तक होने वाली 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए पहला आमंत्रण शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी को दिया गया। खेल महाकुंभ के आयोजक वाराणसी के मेयर अशोक कुमार तिवारी और यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नई दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की और काशी में होने वाले राष्ट्रीय खेल महाकुंभ की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने प्रतियोगिता के उद्घाटन के अवसर पर ऑनलाइन जुड़ने का आश्वासन दिया। पीएम मोदी ने 35 मिनट तक मेयर से खेल महाकुंभ से संबंधित जानकारी ली है।
विज्ञापन
चैंपियनशिप में देशभर की महिला और पुरुष वर्ग की 73 टीमें हिस्सा लेंगी। इन टीमों के 1022 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी पहली बार काशी को मिली है। इससे पहले पूर्वांचल में ऐसी प्रतियोगिता नहीं हुई थी। इसी सिलसिले में सिगरा स्टेडियम में यूपी की पुरुष और महिला टीम का राष्ट्रीय शिविर लगाया गया है। इसमें 18-18 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कोच पूजा यादव प्रशिक्षण दे रही हैं।
नंदू और नीरा बढ़ाएंगे उत्साह
इस चैंपियनशिप को खास बनाने के लिए स्थानीय संस्कृति से जुड़े शुभंकरों का चयन किया गया है। नंदी से प्रेरित नंदू और गंगा डॉल्फिन नीरा इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के आधिकारिक शुभंकर होंगे। आयोजन को पारदर्शी बनाने के लिए खिलाड़ियों का औचक एंटी-डोपिंग टेस्ट भी किया जाएगा और मैचों का लाइव प्रसारण यूट्यूब चैनल पर होगा।