नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी
शौचालयों और डस्टबिन की स्वच्छता के प्रति सख्त रवैया अपनाते हुए नगर आयुक्त ने दशाश्वमेध घाट पर सुलभ शौचालय परिसर का निरीक्षण किया। वहां गंदगी और यूरिनल पाइप के क्षतिग्रस्त मिलने पर उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं प्रबंधक (सुलभ) के प्रति भारी नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने दो टूक कहा कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद स्थिति ज्यों की त्यों मिलने से घोर उदासीनता झलकती है। यदि तत्काल स्वच्छता सुनिश्चित नहीं की गई और उपकरणों को ठीक नहीं कराया गया, तो कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही, मार्ग में लगे गंदे टू-इन-वन डस्टबिन को नियमित साफ रखने के निर्देश भी दिए।
नगर आयुक्त की चेतावनी, मार्ग में न घूमे पशु
मार्गों पर पशुओं के विचरण की समस्या को लेकर नगर आयुक्त ने पशु चिकित्साधिकारी को विशेष निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि वीआईपी मार्ग होने के बावजूद घाटों पर पशुओं का घूमना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अभियान चलाकर मार्ग को पशु-मुक्त करने का आदेश दिया और चेतावनी दी कि कार्यों में शिथिलता बरतने पर संबंधित अधिकारी उत्तरदायी होंगे। इसके अतिरिक्त, जल निगम पंपिंग स्टेशन और रेलिंग के पास पड़े डंप (स्क्रैप) को नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं मुख्य अभियंता (सिविल) के समन्वय से तत्काल हटाने का निर्देश दिया ताकि घाटों की सुंदरता प्रभावित न हो।