रामनगर। कस्बा स्थित वार्ड संख्या 15 मच्छरहट्टा में शनिवार को मोनी चौरसिया (26) संदिग्ध हाल में फंदे से लटकी मिली। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मोनी के पति गौतम चौरसिया उर्फ गुड्डन ने बताया कि दोपहर में वह किसी काम से घर से बाहर गया था। जब वापस लौटा तो मोनी का पता नहीं लगा। छत की सीढि़यों पर जाकर देखा तो मोनी दरवाजे के ऊपर बने लिंटर के सहारे दो गमछों के फंदे के सहारे लटकी हुई थी। मौके पर पहुंचे मोनी के मायके वालों का कहना था कि उसके चेहरे पर चोट के निशान के साथ ही खून लगा हुआ था। परिजनों ने बताया कि तुलसीपुर की मोनी चौरसिया की शादी वर्ष 2014 में गौतम के साथ हुई थी। दोनों में आए दिन मारपीट होती रहती थी और इसे लेकर कई बार दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई थी। मोनी की एक बेटी थी, जिसकी मौत बीते 17 जून को संदिग्ध हाल में हो गई थी। पुलिस मोनी के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रामनगर में किशोरी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म
- चुनार क्षेत्र से एक महिला लेकर आई थी काम दिलाने, एक ब्यूटी पार्लर संचालिका पर बंधक बनाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। रामनगर थाना अंतर्गत गोलाघाट क्षेत्र के एक मकान में मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र की किशोरी को बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी का बयान दर्ज करा कर पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
प्रकरण के अनुसार, चुनार क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय किशोरी को उसके क्षेत्र की एक महिला बीते 15 जून को बनारस में काम दिलाने के नाम पर रामनगर ले आयी। महिला ने किशोरी की मुलाकात रामनगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर की संचालिका से करायी। इसके बाद किशोरी को नगर के गोलाघाट क्षेत्र में किराये के मकान में रखा गया। किशोरी ने कुछ दिन ब्यूटी पार्लर में काम की। वहीं, दूसरी ओर किशोरी के चाचा द्वारा चुनार थाने में उसके गायब होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गयी थी। इधर, रामनगर में ब्यूटी पार्लर संचालिका किशोरी को नशीली दवाएं देती रही और लगभग 30 दिनों तक उसके साथ लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। कुछ दिनों पहले किशोरी किसी तरह से कमरे का दरवाजा तोड़कर रामनगर चौक पर पहुंची और आपबीती एसआई अभिनव श्रीवास्तव को सुनाई। इसके बाद चुनार थाने की पुलिस से संपर्क कर किशोरी को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। किशोरी ने मजिस्ट्रेट के सामने कलमबंद बयान में रामनगर के कई रसूखदार लोगों और ब्यूटीपार्लर संचालिका समेत तीन महिलाओं पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। चुनार थाने की पुलिस किशोरी का मेडिकल मुआयना करा ली है। शनिवार को चुनार थाने की पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया तो आरोपी भूमिगत हो गए। चुनार थाने की पुलिस के अनुसार, जल्द ही आरोपियों के खिलाफ तगड़ी कार्रवाई की जाएगी।