पीएम के आगमन की तैयारी में सड़क की मरम्मत
- फोटो : अमर उजाला
बारिश को देखते हुए करें तैयारी, गाड़ियों के आवागमन में कोई दिक्कत न हो
मुख्य सचिव दीपक कुमार (वर्तमान प्रभार) की अध्यक्षता में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित काशी आगमन को लेकर की जा रही तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की गई। इसमें मुख्य सचिव और डीजीपी राजीव कृष्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। कमिश्नर एस राजलिंगम व पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए, की गई तैयारियों को पीपीटी के माध्यम से रखा।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि बारिश को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां की जाएं, ताकि गाड़ियों के आवागमन में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने पूरे कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन और मूवमेंट को लेकर उचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिए।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने सुरक्षा के मजबूत प्रबंध के साथ किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए।बैठक में डीएम सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, सीडीओ हिमांशु नागपाल, सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा मौजूद रहे।