लखनऊ के ध्यानार्थ
धर्म छुपाकर की शादी, गिरफ्तार करके जेल भेजा गया
- सिंधौरा थाने की पुलिस ने गोंडा जिले के नामजद आरोपी सैफ अली को पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिंधौरा (वाराणसी)। अपना धर्म छुपाकर युवक ने जिले की एक युवती को प्रेमजाल में फंसाया। शादी की, फिर उसका धर्मांतरण करा दिया। परिजनों के साथ मिलकर उत्पीड़न किया और गर्भपात भी करा दिया। इस मामले में सिंधौरा थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके गोंडा जिले के पटेलनगर घोसियाना निवासी सैफ अली को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।
मामला जनवरी 2022 का है। सिंधौरा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि फैजाबाद में कामकाज के दौरान खुद को राज बताने वाले युवक से उसका परिचय हुआ था। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। दोनों की करीबी बढ़ी तो आपसी रजामंदी से शादी कर ली। ससुराल जाने पर पता लगा कि जिसे वह राज के तौर पर जानती है, वह सैफ अली है। ससुराल ले जाकर सैफ अली ने उसका धर्मांतरण कराया और अब वह 13 माह के बच्चे की मां है। ससुराल में सास शाहजहां, देवर रिहान और देवरानी गुलजान दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगीं। एक लाख रुपये और बाइक की मांग रखी। कुछ दिन दोबारा गर्भवती हुई तो सास, देवरानी ने उसका हाथ पकड़ लिया और पति व देवर ने उसे जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। इसके बाद सभी उसे जबरन वाहन में बैठा कर बसंतपुर गांव छोड़ गए और दोबारा ससुराल आने पर जान से मारने की धमकी दी। इस सिलसिले में सिंधौरा थानाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्र ने बताया कि एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है। अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।