वाराणसी। लॉकडाउन के चलते गर्मियों में टली हुईं शादियां अब हो रही हैं। 25 नवंबर से शुरू हो रहे वैवाहिक लगन की तैयारियां लगभग लोगों ने पूरी कर ली हैं और दिसंबर तक शहर के छोटे-बड़े होटलों, बैंक्वेट हाल, वैवाहिक लान, होटल, गेस्ट हाउस, लॉज सभी की बुकिंग फुल हो गई है। इसके पीछे कारण यह है कि वैवाहिक लग्न इस साल 10 से 12 ही हैं। जिनकी शादियां लॉकडाउन के कारण टल गईं थीं वे नवंबर व दिसंबर में कर रहे हैं। जनवरी, फरवरी में भी वैवाहिक लगन नहीं है। अनुमान के मुताबिक, लगभग 20 हजार शादियां नवंबर व दिसंबर में होनी हैं।
कोरोना प्रोटोकॉल के तहत होटलों और बैंक्वेट, लान में महज 100 अतिथियों की अनुमति है। बुकिंग मिलने से वेडिंग इंडस्ट्री में भी खुशी का माहौल है। होटल, लॉन के साथ ही बैंड बाजा, रोड लाइट, कैंटरिंग, टेंट, ट्रेवेल्स, आतिशबाजी वालों की भी खुशियां लौट आई हैं।
छावनी क्षेत्र में छोटे और बड़े करीब 20-30 होटल व बैंक्वेट हाल हैं। दिसंबर भर इन सभी होटलों में शादियां होंगी। वरुणा पार इलाके के अधिकतर लान में बुकिंग हो चुकी है। सिगरा, महमूरगंज, भेलूपुर, लंका, सामनेघाट, रामनगर, चितईपुर, सुंदरपुर, चितईपुर से लेकर शिवपुर रोड, सारनाथ, पहड़िया के अधिकतर लान में बुकिंग हो चुकी हैं। होटल कारोबारियों के अनुसार शहर में 1000 से अधिक छोटे व बडे़ होटल-लॉज, रजिस्टर्ड 380 वैवाहिक लॉन है। सभी में बुकिंग दिसंबर की फुल है।
देव-दीपावली के लिए भी बुकिंग तेज
25 नवंबर से वैवाहिक लगन और 30 नवंबर को देव दीपावली के चलते भी गंगा घाट किनारे के होटलों, नाव और ट्रेवेल्स की भी बुकिंग फुल चल रही है।
किसी भी होटल व बैंक्वेट में जगह नहीं है। रोजाना लोग पूछताछ कर रहे हैं। इसी के साथ ही देव दीपावली के लिए बुकिंग हो चुकी है। -गोकुल शर्मा, अध्यक्ष, बनारस होटल एसोसिएशन।
टेंट व कैटरिंग की बुकिंग ठीक ठाक हो रही है। दिसंबर के लिए लगभग बुकिंग हो चुकी है। अब भी लोगों की पूछताछ हो रही है। -प्रकाश श्रीवास्तव, अध्यक्ष, वाराणसी टेंट व्यवसायी समिति