वाराणसी। देव दीपावली पर शुभ मुहूर्त होने के चलते सोमवार को जिले में शादियां भी खूब हुई। शहर से लेकर गांव तक मांगलिक कार्यक्रमों में बैंड बाजे और ढोल नगाड़ों की थाप पर देर रात तक बाराती थिरकते रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यक्रम के बाद ही सारनाथ, आशापुर सहित अन्य वरुणापार इलाकों में बरातें निकलीं। शाम से ही कई रास्तों पर हुए डायवर्जन से लोग जहां तहां फंसे रहे।
शादी लग्न से जुड़े कारोबारियों के अनुसार, मुहूर्त इतना अच्छा रहा कि जिले में लगभग 8 हजार से अधिक शादियां एक दिन में हुईं। शहर के लगभग छोटे-बड़े लगभग एक हजार होटल, करीब 400 वैवाहिक लॉन और बैंक्वेट में शादियां हुईं। किसी होटल व लान में तो दो-दो शादियां हुई। जबकि इतनी ही शादियां ग्रामीण इलाकों में भी हुई। कई होटलों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन हुआ तो अधिकतर होटलों और लॉन में अनदेखी देखी गई। होटल और लॉन के प्रवेश द्वार से लेकर अंदर परिसर तक में होर्डिंग व बैनर पर कोरोना से बचाव को लेकर जागरूकता संदेश लिखा गया था। मगर, बिना मास्क के अधिकतर लोगों ने शादियों में शिरकत की। वाराणसी टेंट व्यवसायी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि 8 हजार से अधिक शादियां हुई। लग्न बहुत तेज रहा।
सारनाथ क्षेत्र में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रात 9 बजे के बाद बरात व अन्य कार्यक्रम शुरू हुए। उसके पूर्व बैंड, बाजा, अतिशबाजी पर रोक रही। इसके लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा सभी होटल व लॉन संचालकों को निर्देशित किया गया था।
खोवा 500 के पार, दूध बिका 120 रुपये लीटर
वैवाहिक लग्न के चलते खाद्य सामग्रियों के दाम भी चढ़े रहे। गोदौलिया और भोजूबीर सहित अन्य दूध मंडी में सोमवार को दूध के लिए हाहाकार मचा रहा। 100-120 रुपये प्रति लीटर दूध की बिक्री हुई। सट्टी पहुंचते ही कई दूधियों का दूध एक झटके में ही बिक गया। वहीं, चौक स्थित खोवा मंडी में खोवा की भी किल्लत रही। सुबह से दोपहर तक 450-500 रुपये प्रति किलो तक खोवा की बिक्री हुई और पनीर का भी भाव चढ़ा रहा। जिले भर में 350-400 रुपये किलो में पनीर बिका।
फूल मंडी से गायब रहा गेंदा माला, गुलाब माला बिका 150 रुपये किलो
वैवाहिक लग्न और देव-दीपावली के चलते इंग्लिशिया लाइन व बांसफाटक स्थित फूल मंडी में फूल माला की बिक्री भी जोरों पर रही। हाल यह रहा कि सुबह 10 बजे के बाद गेंदा फूल माला भी मंडी से खत्म हो गया। 10 रुपये पीस मिलने वाला छोटा गेंदा माला 20 रुपये में बिका। इसके अलावा 800 रुपये सैकड़े मिलने वाला गेंदा माला 1500 रुपये में बिका। जयमाल माला की भी मांग जबरदस्त रही। 250-300 रुपये जोड़ा जयमाल माला की बिक्री। 60-70 रुपये किलो मिलने वाला गुलाब फूल 150 रुपये किलो में बिका। जबकि सजावटी फूल की भी मांग जबरदस्त रही। हावड़ा से विदेशी फूल जल्वेरा, घोड़ापाम, पाम पता, कई रंग के स्टिक और रजनीगंधा की बिक्री इंग्लिशिया लाइन स्थित फूल मंडी से हुई। मंडी संचालक विशाल दुबे ने बताया कि वैवाहिक लग्न व देव दीपावली के चलते फूलों का कारोबार काफी बेहतर हुआ।