सेवापुरी (वाराणसी)। महाराजपुर गांव में मंगलवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर चलने के साथ ही धारदार हथियार से मारपीट हुई और फायरिंग की गई। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची कपसेठी थाने की पुलिस ने घायलों को सेवापुरी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां तीन की हालत गंभीर देख उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
रसीद अहमद और ग्राम प्रधान मकसूद आलम के बीच बीते पंचायत चुनाव के समय से ही विवाद चल रहा है। मंगलवार की सुबह ग्राम प्रधान पक्ष का जौहर अली दूध लेने जा रहा था। आरोप है कि उसी समय दूसरे पक्ष के युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान पक्ष के लोग लामबंद होने लगे। इसी बीच पहले पक्ष के लोग ललकारते हुए ग्राम प्रधान के दरवाजे की तरफ बढ़े, तभी मारपीट और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान एक पक्ष की तरफ से रिवाल्वर से फायरिंग की गई। रास्ते में हो रही मारपीट देख रहे गांव के एक 35 वर्षीय युवक को गोली लग गई। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने कपसेठी थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से एक खोखा बरामद की। पुलिस घायल हुए छह लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी ले गई, जहां से घायल तीन लोगों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। गोली से घायल युवक गांव का रहने वाला है, जो चुपचाप किसी निजी अस्पताल में इलाज करा रहा है। इस मामले में दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रकरण को लेकर 13 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कपसेठी थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया है कि पुलिस ने खोखा बरामद किया है। गोली से घायल युवक भयभीत होने के कारण मुकदमा लिखाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है।