वाराणसी में लॉकडाउन में आम नागरिकों की सुगमता के लिए जिलाधिकारी ने मंडियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। बुधवार से सुबह छह बजे से 10 बजे तक मंडियां खुलेंगी। इसके अलावा मंडी की साप्ताहिक और मासिक अवकाश को भी 30 अप्रैल तक रद्द कर दिया गया है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन में खाद्य सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए सभी फल, सब्जी, दूध, गल्ला मंडी 30 अप्रैल तक प्रतिदिन खुलेगी। इस अवधि में कोई साप्ताहिक या मासिक बंदी नहीं होगी। इस संबंध में फीडबैक आया है कि थोक मंडियों से रिटेलर दुकानदार सुबह 6 से 9 बजे की बीच के निर्धारित समय में सामान नहीं खरीद पाते हैं।
इसलिए यह सीमा बढ़ाते हुए अब रिटेलर थोक मंडियों से सुबह 6 बजे से 10 बजे तक सामान खरीद कर सकेंगे। यहां बता दें कि मंडियों में फुटकर ग्राहकों पर पूरी तरह रोक है। यहां केवल थोक खरीदार जाएंगे, जो ठेले आदि पर बिक्री करेंगे।