जुलाई महीने में पूरी होने वाली परियोजनाओं में ज्यादातर सीधे आम पब्लिक की सुविधाओं से जुड़ी हैं। करीब पांच सौ करोड़ रुपये की लागत से वाराणसी-गाजीपुर फोरलेन चौड़ीकरण काम किया जा रहा है। इस काम के पूरा होने से वाराणसी से गाजीपुर की राह आसान होगी। गोदौलिया से दशाश्वमेध के बीच बने गौरव पथ को भी तैयार कर लिया गया है। करीब 10 करोड़ रुपये की परियोजना में गोदौलिया से दशाश्वमेध के बीच की सड़क को पर्यटकों के लिए खास तैयार किया गया है।
हिट स्टेशन की तर्ज पर बनी इस सड़क को चुनार के पत्थरों से सजाया गया है और पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। इसके अलावा बीएचयू में 200 कक्ष महिला छात्रावास, वरुणा नदी के चैनेलाइजेशन एवं तटीय विकास का काम भी पूरा होने की कगार पर है। रमना एसटीपी और रामनगर एसटीपी की खामियों को दूर करने की प्रक्रिया भी अंतिम दौर में है।
मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के साथ ही उसका सत्यापन कराया जा रहा है। जुलाई में पूरी हो रही परियोजनाओं की रिपोर्ट मांगी गई है और उनका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
सर्किट हाउस परिसर में निर्माणाधीन भूमिगत पार्किंग का काम भी 15 अगस्त से पहले पूरा करने की उम्मीद है। 19 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस पार्किंग में 204 वाहनों के खड़े होने की क्षमता है। इसमें लोवर बेसमेंट में 63 कार और 60 मोटरसाइकिल खड़ी हो सकेंगी। इसके अलावा अपर बेसमेंट में 50 कार और 26 बाइक खड़ी करने की सुविधा होगी। इससे कचहरी पर पार्किंग की समस्या दूर होने के साथ ही सड़कों पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
एक नजर में
- जुलाई, 2021 में 1424.42 करोड़ रुपए की 14 परियोजनाएं पूरी होंगी
- अगस्त से दिसंबर 2021 तक 3879.49 करोड़ रुपए की 62 परियोजनाएं होंगी पूरी