बिजली के दगा देने से यूपी बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन सूबे के कई केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे शो पीस बन गए। नकल रोकने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे बिजली गुल होने की वजह से ठप रहे। जौनपुर के सिकरारा क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का यही हाल रहा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को अनिवार्य रूप से इनवर्टर, जनरेटर लगाने का निर्देश दिया गया है।
यदि किसी ने लापरवाही दिखाई तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। नकल माफियाओं पर नकेल कसने के लिए इस बार सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। परीक्षा से पहले ही केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया था कि केंद्र पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जनरेटर अथवा इनवर्टर का इंतजाम कर लें।
जो केंद्र व्यवस्थापक बिजली के भरोसे रह गए वहां, सुबह बिजली कटौती के कारण सीसीटीवी कैमरे ठप रहे। सिकरारा क्षेत्र में सुबह से ही बिजली गुल हो गई थी। इसी तरह के जिले के कई अन्य क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप रहने से कैमरे बंद पड़े रहे।
कुछ केंद्रों पर बिजली होने के बावजूद तकनीकी गड़बड़ी के कारण कैमरे ठप रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश शुक्ल ने कैमरे बंद होने की जानकारी से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी शिकायत पाई जाएगी तो केंद्र व्यवस्थापकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
पहले दिन 58291 ने छोड़ी परीक्षा
यूपी बोर्ड अव्यवस्था के बीच हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं शुरू
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी, आजमगढ़ और मिर्जापुर मंडल के 10 जिलों में 1719 परीक्षा केंद्रों पर यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के पहले दिन मंगलवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने जौनपुर जिले के आठ परीक्षा केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया। हालांकि डॉ. शर्मा को इस दौरान कोई खामी नहीं मिली। कहा, परीक्षा की शुचिता से समझौता नहीं किया जाएगा।
पहले दिन कुल 58291 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, 24 नकलची पकड़े गए और आठ कक्ष निरीक्षक कार्यमुक्त किए गए। बलिया में कुल 2452 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि रामजनम इंटर कॉलेज देवरिया खारी रसड़ा केंद्र पर भाई के स्थान पर परीक्षा देते एक मुन्ना भाई पकड़ा गया, 10 नकलची पकड़े। सोनभद्र में कुल 3067 ने परीक्षा छोड़ दी और चार कक्ष निरीक्षक कार्यमुक्त किए गए।
गाजीपुर में 7387 ने परीक्षा छोड़ी। दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे एक छात्र को पकड़ा गया। चार कक्ष निरीक्षक कार्यमुक्त किए गए। मऊ में 3182 ने परीक्षा छोड़ दी। तीन परीक्षार्थी रस्टीकेट किए गए। नगर के एक केंद्र पर आधा घंटे देर से प्रश्नपत्र बंटा। आजमगढ़ में दो नकलची पकड़े गए। एक मुन्ना भाई भी पकड़ा गया। सुबह की पाली में 9745 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
मिर्जापुर में 5597 ने परीक्षा छोड़ दी। जौनपुर में पहली पाली में 5841 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। तीन परीक्षार्थी नकल में पकड़े गए। चंदौली में 10621 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि दो नकलची पकड़े गए। नकल के आरोप में विद्यालय प्रबंधक सहित दो गिरफ्तार किए गए। भदोही में 2465 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। तीन नकलची पकड़े गए। वाराणसी में 3297 ने परीक्षा छोड़ दी जबकि एक छात्रा नकल में पकड़ी गई।